राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ : अजय वर्मा

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

पिलखुवा में नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का ‘पलटवार’, सड़क पर उतरी खाकी तो मचा हड़कंप

SP हापुड़ के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी मनोज बलियान के नेतृत्व में सघन चेकिंग, बिना लाइसेंस-दस्तावेज दौड़ रहे वाहनों पर कार्रवाई—पटाखे जैसी आवाज निकालने वाली बुलेट भी पुलिस के रडार पर

पिलखुवा। जनपद हापुड़ में यातायात नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अब सख्त मोर्चा खोल दिया है। पुलिस अधीक्षक हापुड़ के निर्देश पर कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र में गुरुवार को कोतवाली प्रभारी मनोज बलियान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। कस्बा चौकी प्रभारी सुनील परिहार ने पुलिस टीम के साथ प्रमुख मार्गों और चौराहों पर एक-एक वाहन को रोककर उसकी गहन जांच की। पुलिस की अचानक कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

चेकिंग अभियान के दौरान दोपहिया और चार पहिया वाहनों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी कागजात की जांच की गई। बिना लाइसेंस, बिना दस्तावेज और यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, कुछ वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ा गया।

Also Read  मिशन शक्ति के तहत हापुड़ में एंटी रोमियो टीमों की सख्ती, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मनचलों की चेकिंग

पुलिस की नजर खास तौर पर उन वाहन चालकों पर रही जो बिना जरूरी कागजात के सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे थे। इसके अलावा बुलेट समेत अन्य दोपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा। पुलिस टीम ने ऐसे वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

कोतवाली प्रभारी मनोज बलियान का सख्त संदेश

कोतवाली प्रभारी मनोज बलियान ने कहा कि पुलिस अधीक्षक हापुड़ के निर्देश पर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बिना लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज के वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने वाले और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Also Read  उपेक्षित कब्रिस्तान को खूबसूरत बगिया बनाने की मुहिम

पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अब सड़क पर मनमानी करने वालों के खिलाफ खाकी का रुख सख्त है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाएं, सभी जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस की सख्ती के बीच नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में दिनभर खलबली मची रही।