राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़/पिलखुवा : riyaz ahmad

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now


मिशन शक्ति के तहत हापुड़ में एंटी रोमियो टीमों की सख्ती, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मनचलों की चेकिंग
हापुड़, 3 सितंबर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत हापुड़ पुलिस ने गुरुवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। थानों की एंटी रोमियो स्क्वाड टीमों और महिला सुरक्षा दलों ने प्रमुख बाजारों, गांव-कस्बों, पार्कों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी, जहां महिलाओं एवं बालिकाओं की आवाजाही अधिक रहती है। टीमों ने अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध युवकों से पूछताछ की और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने अथवा असहज स्थिति पैदा करने वालों को हिदायत दी।
पुलिस टीमों ने बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्हें किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की निगरानी से सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों में भी सतर्कता बढ़ी है।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को परेशान करने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एंटी रोमियो टीमों को नियमित रूप से बाजारों, पार्कों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना रहे।

Also Read  पिलखुवा में आवारा कुत्तों के आतंक पर नगर पालिका सख्त नसबंदी का अभियान शुरू