राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now


हापुड़ में मिशन शक्ति के तहत मनचलों पर पुलिस की नजर, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चला चेकिंग अभियान
हापुड़। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को जनपद हापुड़ में पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान थानों की एंटी रोमियो स्क्वाड टीमों और महिला सुरक्षा दल ने प्रमुख बाजारों, गांव-कस्बों, पार्कों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों के आसपास निगरानी की।
पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध युवकों और मनचलों से पूछताछ की। संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर युवकों को रोककर उनके बारे में जानकारी ली गई और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
अभियान का उद्देश्य जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना और उनमें सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना है। पुलिस की एंटी रोमियो टीमों द्वारा बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि महिलाओं एवं छात्राओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस टीमों ने गांवों और कस्बों के अलावा पार्कों तथा सार्वजनिक स्थलों के आसपास भी चेकिंग की। इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे युवकों से पूछताछ कर उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने के लिए जागरूक किया गया।
सीओ मुनीश चंद्र का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला सुरक्षा दल सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सशक्तिकरण और आत्मविश्वास का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Also Read  सेवा संकल्प अभियान को लेकर हापुड़ भाजपा ने कसी कमर कार्यकर्ताओं को मिला जनसेवा का मंत्र हापुड़