राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ : ajay verma
रघुनाथपुर में चोरों का धावा, घर में सोता रहा परिवार; छत के रास्ते घुसे और मोबाइल-लैपटॉप समेत नकदी ले उड़े
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर में शनिवार रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दे दिया। परिवार के लोग घर के अंदर सोते रहे और चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल होकर कमरों को खंगालते रहे। चोर दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और करीब 1700 रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
गांव निवासी तेजपाल सिंह के मकान में शनिवार रात परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते मकान के अंदर पहुंच गए। चोरों ने कमरों में रखा सामान खंगाला और दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप तथा नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घर में मौजूद परिवार को रात में हुई चोरी की भनक तक नहीं लगी।
सुबह परिजन उठे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। सामान की जांच की गई तो मोबाइल फोन, लैपटॉप और नकदी गायब मिली। चोरी की जानकारी होते ही परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पिलखुवा पुलिस को दी।
मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान ने कहा पुलिस टीम को घटना के जल्द खुलासे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी जुटाने के साथ चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस संभावित सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
रघुनाथपुर में घर के अंदर परिवार के सोते रहने के दौरान हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
