राष्ट्र संवाद टाइम्स : pawan verma
हापुड़। बेखौफ चोरों ने उड़ाई पुलिस की नींद, परतापुर में बकरी चोरी; पुरानी घटनाओं का भी इंतजार
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र की कस्बा चौकी के ग्राम परतापुर में चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है। ताजा मामला गांव निवासी साजिद पुत्र मजीद के घेर का है, जहां से चोर बकरी चोरी कर फरार हो गए। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर बकरी लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिनमें से कई का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में अपने घर और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और चोरी हुई बकरी बरामद कराने की मांग की है। साथ ही पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी खुलासा कराने तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।
चोरी की घटनाओं को लेकर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान का कहना है कि मामले की जानकारी लेकर पुलिस टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ताजा वारदात के बाद ग्रामीणों की निगाह पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। अब देखना यह है कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए कितना अहम सुराग साबित होता है और ताजा घटना के साथ पूर्व में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा कब तक हो पाता है।

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now
Also Read  गणेश उत्सव को लेकर पिलखुवा में पुलिस की पैनी नजर, बाजारों से लेकर गणेश पंडालों तक पैदल गश्त और चेकिंग अभियान तेज