राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ : ajay verma
नीशू कश्यप हत्याकांड के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
पिलखुवा। थाना पिलखुवा क्षेत्र के मोहल्ला छिद्दापुरी निवासी नीशू कश्यप के साथ मारपीट के बाद हुई गैर इरादतन हत्या के मामले में पिलखुवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट का आधा टुकड़ा (आलाकत्ल) भी बरामद किया है।
हापुड़ पुलिस द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पिलखुवा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मामले में थाना पिलखुवा पर मु0अ0सं0 456/2026, धारा 115(2), 105, 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपक पुत्र अनिल गिरी निवासी ग्राम अच्छपाल गढ़ी, थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ तथा कुलदीप पुत्र भागीरथ प्रसाद निवासी मोहल्ला छिद्दापुरी, कस्बा व थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को ग्राम पबला से बझोदा हिंदुवान जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट का आधा टुकड़ा (आलाकत्ल) बरामद किया। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान, उपनिरीक्षक गौरव वशिष्ठ, हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह तथा कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान का कहना है कि नीशू कश्यप हत्याकांड के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट का आधा टुकड़ा भी बरामद किया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
