राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
अग्रवाल महासभा चुनाव की मतगणना के बाहर मचा बवाल, मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट
लात-घूंसों से एक-दूसरे पर बरसे लोग, मौके पर मची अफरा-तफरी—मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हापुड़। अग्रवाल महासभा के चुनाव की मतगणना के दौरान मतगणना स्थल के बाहर अचानक उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कहासुनी ने इतना तूल पकड़ लिया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों तरफ से लात-घूंसे चलने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मतगणना स्थल के बाहर हुई मारपीट से वहां मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।घटना के दौरान किसी ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती नजर आ रही है।
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।अग्रवाल महासभा जैसे चुनाव की मतगणना के दौरान मतगणना स्थल के बाहर हुई इस मारपीट से मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ की जा रही है और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।फिलहाल नगर कोतवाली क्षेत्र में हुए इस हाई-वोल्टेज हंगामे को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है।
