राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
फर्जी बैनामे के खेल में बड़ा एक्शन, महीनों से फरार महिला आरोपी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में
गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कूटरचित दस्तावेजों के जरिए संपत्ति का बैनामा कराने के आरोप में बिजनौर से गिरफ्तार
हापुड़। फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति का बैनामा कराने के मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी आखिरकार गढ़मुक्तेश्वर पुलिस के शिकंजे में आ गई। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्ता को जनपद बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना गढ़मुक्तेश्वर में दर्ज मुकदमा संख्या 672/25 में महिला अभियुक्ता के विरुद्ध धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना तथा फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति संबंधी लेनदेन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। मामले की विवेचना के दौरान अभियुक्ता की संलिप्तता सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार किए जा रहे थे, लेकिन वह लंबे समय से फरार चल रही थी।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता को उसके संभावित ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान कुसुम देवी पत्नी शेर सिंह, निवासी आवास विकास कॉलोनी, जनपद बिजनौर के रूप में हुई है।थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बैनामा कराने के मामले में वांछित चल रही महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि संपत्ति से जुड़े मामलों में जालसाजी और धोखाधड़ी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ता को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
गढ़मुक्तेश्वर पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध की रोकथाम, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
