राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

तेंदुए की दस्तक, दो शावकों संग खेतों में दिखा ‘खूंखार मेहमान’; ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव लोधीपुर छपका में खेतों के आसपास तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुए को शावकों के साथ खेतों में देखकर ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही लोग खेतों की ओर जाने से बचने लगे। वहीं सूचना के बाद वन विभाग भी सक्रिय हो गया है और क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, किसान गंगादास सिंह और रामदास सिंह के खेतों के आसपास तेंदुआ दिखाई दिया। खेतों में मौजूद लोगों की नजर जब तेंदुए पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सतर्क किया। तेंदुए के साथ दो शावक भी दिखाई दिए। इसकी जानकारी गांव में फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। ग्रामीणों की आवाजाही बढ़ने पर तेंदुआ अपने दोनों शावकों के साथ खेतों की ओर निकल गया।

Also Read  कथित धर्मांतरण की सूचना से मचा हड़कंप मकान घेरकर ग्रामीणों का जोरदार विरोध केरल निवासी हिरासत में

शावकों के साथ तेंदुआ दिखने से बढ़ी चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी पहले से ही चिंता का विषय है, लेकिन दो शावकों के साथ दिखाई देने से खतरा और बढ़ गया है। शावकों के आसपास किसी व्यक्ति की मौजूदगी तेंदुए को आक्रामक बना सकती है। इसी कारण ग्रामीण विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। किसानों को खेतों में काम करने के दौरान समूह में रहने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की सलाह दी जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के दोताई गांव में भी पहले तेंदुआ दिखाई देने की सूचना सामने आ चुकी है। सिंभावली क्षेत्र में भी तेंदुए की आहट से ग्रामीणों में भय का माहौल बना था। अब लोधीपुर छपका में तेंदुआ दो शावकों के साथ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर जानकारी जुटाई। वनक्षेत्राधिकारी करण सिंह ने बताया कि टीम को मौके पर भेजकर तेंदुए की गतिविधियों की जांच कराई जा रही है। संभावित लोकेशन पर नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में निगरानी एवं गश्त बढ़ाई गई है।

Also Read  दुकान में चल रहा था रोजमर्रा का काम करंट लगने से 48 वर्षीय साजिद की मौत

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुआ या उसके शावक दिखाई देने पर उनके नजदीक जाने, पीछा करने या भीड़ लगाने का प्रयास न करें। खेतों और जंगल से सटे क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी स्थान पर तेंदुए की मौजूदगी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित किया जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।