राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ :
राष्ट्रीय खेल दिवस पर साइकिलों कि रेस से गूंजा हापुड़, युवाओं ने दिया फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हापुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रविवार को हापुड़ शहर में खेल, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश देखने को मिला। रेलवे पार्क से आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली में युवाओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की। साइकिलों के जरिए शहर की सड़कों पर निकले युवाओं ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
हॉकी के महान खिलाड़ी और ‘हॉकी के जादूगर’ के नाम से प्रसिद्ध मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित करना रहा। जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती अरुणा ने रेलवे पार्क से ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शुरू होते ही युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
रैली में शामिल प्रतिभागियों ने साइकिल चलाते हुए लोगों को नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के महत्व का संदेश दिया। युवाओं का कहना था कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक गतिविधियां लगातार कम होती जा रही हैं। ऐसे में साइकिलिंग न केवल शरीर को स्वस्थ रखने का बेहतर माध्यम है, बल्कि यह पर्यावरण के लिहाज से भी बेहद उपयोगी है।
रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि छोटी दूरी के लिए निजी वाहनों पर निर्भरता कम कर साइकिल का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जाए। इससे जहां लोगों की सेहत बेहतर होगी, वहीं वाहनों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी। इस दौरान प्रतिभागियों ने खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मेजर ध्यानचंद की खेल विरासत को किया याद
राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की खेल उपलब्धियों और देश के प्रति उनके योगदान की स्मृति में मनाया जाता है। इस अवसर पर आयोजित साइकिल रैली ने खेल भावना के साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को भी एक साथ जोड़ा। आयोजन के जरिए युवाओं को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय जीवन का आधार भी हैं।
रेलवे पार्क से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अटल मार्ग पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ साइकिलिंग करते हुए लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक किया।
उप क्रीड़ा अधिकारी अरुणा ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। नियमित खेल और व्यायाम से शरीर स्वस्थ रहने के साथ आत्मविश्वास और अनुशासन भी विकसित होता है। उन्होंने युवाओं से खेलों और साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि साइकिलिंग स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण है। अधिक से अधिक लोग साइकिल का प्रयोग करेंगे तो प्रदूषण कम करने की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि स्वस्थ युवा ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रख सकते हैं।
