राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
पीएम आवासीय योजना के फ्लैट में भीषण आग, मासूम बच्ची और युवक झुलसे
आग का तांडव देख स्थानीय लोगों में मची भगदड़, दमकल की पांच गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
हापुड़। नगर क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित प्रधानमंत्री आवासीय योजना के फ्लैट में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। फ्लैट से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलती देखकर आसपास रहने वाले लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकल आए। हादसे में एक मासूम बच्ची और एक युवक आग की चपेट में आने से झुलस गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक फ्लैट में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग का तांडव देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग फैलने की आशंका के चलते आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग भी बाहर निकल आए।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम पांच गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फ्लैट में आग ऊपरी मंजिल पर होने के कारण दमकल कर्मियों को आग तक पानी पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे।
पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और आसपास की स्थिति को संभालते हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा।इसी दौरान आग की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची और एक युवक झुलस गए। दोनों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
FSO अरशद ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित पीएम आवासीय योजना के फ्लैट में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया। दमकल की पांच गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। आग की चपेट में आने से एक बच्ची और एक युवक के झुलसने की जानकारी मिली है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की जानकारी जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।दमकल विभाग की टीमों ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद फ्लैट और आसपास के हिस्से का निरीक्षण किया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी हैं। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
