राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
हापुड़ में चोरों का बड़ा आतंक, एक ही रात में 12 ट्यूबवेलों पर धावा मोटर-स्टार्टर और केबल चोरी
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के लुखराड़ा गांव के जंगल में शनिवार रात चोरों ने किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोर करीब 12 किसानों के ट्यूबवेलों से मोटर, स्टार्टर, बिजली के तार, केबल और पंखे समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में ट्यूबवेलों में चोरी की घटना सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी और दहशत का माहौल है।रविवार सुबह करीब नौ बजे जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो कई ट्यूबवेलों से सामान गायब मिला।
इसके बाद किसानों ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। किसानों का कहना है कि ट्यूबवेलों के उपकरण चोरी होने से उनकी सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दोबारा मोटर व अन्य सामान लगवाने में हजारों रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।ग्रामीणों के मुताबिक चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में अलग-अलग स्थानों पर बने ट्यूबवेलों को निशाना बनाया।
इसके अलावा जंगल में बने एक मंदिर से घंटा चोरी होने की बात भी सामने आई है। हालांकि मंदिर से घंटा चोरी होने की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की चिंताकिसानों का कहना है कि ट्यूबवेलों से मोटर और बिजली के उपकरण चोरी होने के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो सकती है। किसानों को अब चोरी हुए सामान को दोबारा खरीदकर लगवाना पड़ेगा, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
किसानों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।घटना के बाद पीड़ित किसानों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों में राजू, विजयपाल, अनिल कुमार, दीपक चौधरी और सुधीर समेत अन्य किसान शामिल बताए गए हैं।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, किसानों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।एक ही रात में करीब 12 ट्यूबवेलों में चोरी की घटना ने ग्रामीण क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब किसानों को पुलिस से जल्द खुलासे और चोरी हुआ सामान बरामद होने की उम्मीद है।
