राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में गंगा ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीते 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 8 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गंगा का जलस्तर समुद्र तल से 198.81 मीटर पहुंच गया है। जलस्तर में हुई इस बढ़ोतरी का असर सबसे पहले गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है, जहां पिछले करीब 20 दिनों से बाढ़ जैसे हालात ग्रामीणों के लिए मुसीबत बने हुए हैं।गंगा का पानी बढ़ने से खादर क्षेत्र में संकट और गहराता जा रहा है।

कई गांवों के संपर्क मार्गों पर पहले से ही बाढ़ का पानी भरा हुआ है। रास्तों पर पानी जमा होने के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है। जरूरी काम से घरों से निकलने वाले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जबकि कई स्थानों पर ग्रामीणों को आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नावों के संचालन पर दोबारा रोक लगा दी गई है। नावों पर रोक लगने से पानी से घिरे ग्रामीण इलाकों में आवाजाही का संकट और गहरा गया है।

Also Read  पिलखुवा पहुंचे सूक्ष्म, लघु व उद्यम मंत्री भूपेंद्र चौधरी, लज्जा रानी गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों को दी सांत्वना

ग्रामीणों के सामने रोजमर्रा के कामों के साथ जरूरी सामान और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने की चुनौती बनी हुई है।बाढ़ के पानी का असर अब ग्रामीणों के बाद पशुपालकों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। खेतों और रास्तों में पानी भरा होने के कारण पशुओं के लिए चारा जुटाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी का स्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो पशुओं के चारे और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं का संकट और गंभीर हो सकता है।खादर क्षेत्र में बढ़ते पानी का असर अब बृजघाट की ओर भी दिखाई देने लगा है। गंगा का बढ़ता जलस्तर बृजघाट के घाटों तक पहुंच गया है। तेज बहाव और उफनती लहरों के चलते घाटों का नजारा भी बदल गया है।

गंगा की तेज धार को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है।बृजघाट पहुंच रहे श्रद्धालुओं से तेज बहाव वाले स्थानों पर नहीं जाने और गंगा किनारे सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की निगाहें लगातार गंगा के बढ़ते पानी पर टिकी हुई हैं। लोगों को आशंका है कि जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो घाटों और आसपास के क्षेत्रों में परेशानी और बढ़ सकती है।खादर के जलमग्न गांवों और संपर्क मार्गों से लेकर बृजघाट के घाटों तक गंगा का बढ़ता पानी लगातार चिंता बढ़ा रहा है। एक तरफ खादर के ग्रामीण बाढ़ और चारे के संकट से जूझ रहे हैं, तो दूसरी तरफ बृजघाट में तेज बहाव ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Also Read  इन्वर्टर-बैटरी में लगी आग ने मचाई दहशत जान बचाने को छत से कूदी महिला

हापुड़ प्रशासन भी गंगा के बढ़ते जलस्तर और खादर क्षेत्र से लेकर बृजघाट तक की स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए है। संभावित परिस्थितियों को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल गंगा के बढ़ते जलस्तर ने खादर से लेकर घाटों तक लोगों की चिंता बढ़ा दी है।