राष्ट्र संवाद टाइम्स : pawan verma
पिलखुवा। जनपद हापुड़ के पिलखुवा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-7 अशोक नगर में लंबे समय से बनी जल निकासी की समस्या को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों और किसान यूनियन कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जल निकासी की बदहाल व्यवस्था से नाराज लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए डूडा और नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि अब आश्वासन नहीं, समस्या का स्थायी समाधान चाहिए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अशोक नगर में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान समस्या और विकराल हो जाती है।
जलभराव के कारण लोगों के आवागमन में दिक्कत होती है और दैनिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।समस्या को लेकर किसान यूनियन कार्यकर्ता और स्थानीय लोग डूडा कार्यालय, हापुड़ पहुंचे। यहां अधिकारियों के सामने अशोक नगर की जल निकासी व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी नगर पालिका परिषद पिलखुवा पहुंचे और वहां भी जोरदार प्रदर्शन कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग रखी।
प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका के ईओ इंद्रपाल सिंह के समक्ष भी अपनी समस्या रखी। उन्होंने मांग की कि अशोक नगर में जल निकासी की स्थिति का मौके पर निरीक्षण कराया जाए और स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जनता की मूलभूत समस्या को लेकर केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा।
किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं कराया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को जलभराव और खराब निकासी व्यवस्था से राहत दिलाना संबंधित विभागों और नगर पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन के दौरान सोनू मास्टर जी, देवेंद्र कुमार, विनीत कुमार और विकास तोमर समेत किसान यूनियन कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अशोक नगर की जल निकासी समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
