राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
गंगा एक्सप्रेसवे पर कैंटर बना आग का गोला, धू-धूकर जला गत्ते का माल; चालक ने कूदकर बचाई जान
हापुड़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गत्ते से लदे एक कैंटर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते कैंटर आग का गोला बन गया और उसमें रखा गत्ते का माल धू-धूकर जलने लगा। आग की ऊंची लपटों और धुएं का गुबार देखकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार कैंटर गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से उसमें अचानक आग लग गई। आग की भनक लगते ही चालक ने तत्काल कैंटर से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कैंटर में रखा गत्ता आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में गत्ते का काफी माल जलकर राख हो गया।
आग की सूचना मिलते ही मौके पर प्राइवेट फायर वाहन पहुंचा और आग पर काबू पाने के लिए राहत कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। आग बुझने के बाद कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आया। हादसे के दौरान एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक ने समय रहते कैंटर से कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि आग की चपेट में आने से कैंटर और उसमें लदे गत्ते के माल को कितना नुकसान हुआ है, इसका अभी स्पष्ट आकलन नहीं हो सका है। मौके से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर नुकसान का आकलन किया जाएगा।
घटना थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल कैंटर में आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
