राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
धौलाना थाना परिसर में रिक्रूट आरक्षी की मौतरिक्रूट आरक्षी की मौत से मचा हड़कंप, मोर्चरी पहुंचे एसपी ने परिजनों से मिलकर दी सांत्वना
धौलाना थाना परिसर में ड्यूटी के दौरान हुई घटना, 15 दिन की छुट्टी के बाद दो दिन पहले ही लौटा था आशीष; छह पन्नों के नोट में मानसिक परेशानी का जिक्र
हापुड़। धौलाना थाना परिसर में रविवार सुबह हुई घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर तैनात रिक्रूट आरक्षी आशीष वर्मा (25) की मौत हो गई। आगरा निवासी आशीष करीब 15 दिन की छुट्टी के बाद महज दो दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटा था। घटना की जानकारी मिलते ही साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।रविवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई घटना ने थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
घटना से एक दिन पहले आशीष की ड्यूटी दौलतपुर तिराहे पर यातायात व्यवस्था सुचारु कराने के लिए लगाई गई थी, जबकि घटना के समय वह थाना परिसर में ड्यूटी पर था। युवा आरक्षी की अचानक मौत की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी गई और पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।पुलिस ने घटनास्थल और आरक्षी के कमरे की बारीकी से जांच की। इस दौरान छह पन्नों का हस्तलिखित नोट मिला, जिसमें मानसिक परेशानी और इलाज का जिक्र है। एसपी के मुताबिक, नोट को जांच में शामिल कर घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
नोट को फोरेंसिक जांच के लिए भी भेज दिया गया है, ताकि उसमें लिखी बातों और उससे जुड़े तथ्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके। पुलिस आशीष की हालिया परिस्थितियों, ड्यूटी से जुड़े घटनाक्रम और परिजनों से मिली जानकारी को भी जांच में शामिल कर रही है।आशीष मूल रूप से आगरा के निबोहरा थाना क्षेत्र के हीरापुरा गांव का रहने वाला था। वह वर्ष 2025 बैच में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। परिजनों के अनुसार, छुट्टी के दौरान उसके व्यवहार में बदलाव नजर आया था और वह कुछ गुमसुम रहता था।
छुट्टी पूरी होने के बाद परिजन उसे खुद ड्यूटी पर छोड़कर आए थे।आशीष की मौत की सूचना पर पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
युवा रिक्रूट आरक्षी की अचानक मौत से साथी पुलिसकर्मी भी सदमे में हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
