राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
बकाया बिजली बिल को लेकर ऊर्जा निगम की टीम पर हमला
बकाया वसूली करने पहुंचे कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट का आरोप, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हापुड़। जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम को कथित दबंगई का सामना करना पड़ा। गांव छतनोरा में बकाया बिल जमा करने की बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि आरोप है कि बिजलीकर्मियों के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट तक की नौबत आ गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस के सामने भी आरोपी कथित तौर पर कर्मचारियों से उलझते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में है।
जानकारी के अनुसार दत्तियाना बिजलीघर उपकेंद्र से जुड़े वसूली दल में तैनात कर्मचारी रविंद्र और रोहित बकाया बिजली बिलों की वसूली के अभियान के तहत ग्राम छतनोरा पहुंचे थे। टीम गांव निवासी बकायेदार उपभोक्ता महकार सिंह के मकान पर पहुंची और बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए कहा।
आरोप है कि बिजली बिल जमा करने की बात को लेकर उपभोक्ता के बेटों ने कर्मचारियों से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि आरोपियों ने वसूली दल के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की तथा उनके साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
बिजलीकर्मियों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपी कर्मचारियों से बहस करते और दबंगई दिखाते रहे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अवर अभियंता ने थाने में दी तहरीर
घटना के संबंध में दत्तियाना बिजलीघर के अवर अभियंता ने बाबूगढ़ थाने में तहरीर दी है। तहरीर में सरकारी कार्य में बाधा डालने, बिजलीकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
वहीं, वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। ऊर्जा निगम की टीम के साथ हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस जांच के बाद घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
