राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
अब नौकरी में सिर्फ काम नहीं, सेहत का भी हिसाब! 40 पार कर्मचारियों की हर साल होगी मुफ्त जांच
नई नियमावली में कर्मचारियों के अधिकार और सुरक्षा को लेकर कई अहम प्रावधान, नियुक्ति पत्र और आईडी भी जरूरीहापुड़। नौकरी में अब सिर्फ काम की जिम्मेदारी नहीं होगी, बल्कि कर्मचारी की सेहत और सुरक्षा का रिकॉर्ड भी अहम होगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने कार्यस्थलों पर श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर कार्यदशा सुनिश्चित करने के लिए उपजीविकाजन्य सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा नियमावली-2026 (UPOSHW Rules, 2026) को राजपत्र में प्रकाशित कर दिया है।
नई व्यवस्था के तहत 40 वर्ष की आयु पूरी कर चुके कर्मचारियों का प्रत्येक 12 माह में कम से कम एक बार निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराना अनिवार्य होगा।नियमावली के अनुसार प्रत्येक कर्मचारी को नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र उपलब्ध कराना भी जरूरी किया गया है। इससे कर्मचारियों के रोजगार संबंधी रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के साथ उनके अधिकारों को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी।महिला कर्मकारों के लिए भी नियमावली में अहम प्रावधान किया गया है।
महिला कर्मचारी की लिखित सहमति होने पर निर्धारित सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ उसे रात्रि पाली में कार्य करने की अनुमति दी जा सकेगी। यानी रात की ड्यूटी को लेकर कर्मचारी की सहमति और सुरक्षा दोनों को महत्व दिया गया है।कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं और व्यावसायिक जोखिमों की रोकथाम के लिए नियोक्ता/आकूपायर की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं।
कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।नियमों का उल्लंघन होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुपालन और सुधार का अवसर दिए जाने का प्रावधान है। वहीं पात्र मामलों में अर्थदंड एवं शमन (Compounding) की व्यवस्था भी लागू होगी।
उप निदेशक कारखाना, उत्तर प्रदेश, गाजियाबाद संभाग ए.के. सिंह ने जनपद हापुड़ के सभी कारखानों, भवन एवं अन्य निर्माण कार्य स्थलों तथा संबंधित प्रतिष्ठानों के नियोक्ताओं/आकूपायर से OSHWC Code, 2020 और UPOSHW Rules, 2026 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है।नई व्यवस्था के बाद कार्यस्थलों पर कर्मचारियों की नौकरी, पहचान, स्वास्थ्य और सुरक्षा—चारों पहलुओं को लेकर नियोक्ताओं की जिम्मेदारी पहले से ज्यादा स्पष्ट हो गई है।
