राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

सेवा संकल्प अभियान को लेकर हापुड़ में बड़ा मंथन, प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने तैयारियों को दिया धार

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर; जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से बेहतर समन्वय के निर्देश

हापुड़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने के लिए हापुड़ में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की तैयारियों, आगामी रूपरेखा और सफल क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा जनपद हापुड़ के प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने की।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी कविता मीना समेत अन्य अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी कविता मीना एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने प्रभारी मंत्री को अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों और अब तक की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत 12 अध्यायों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Also Read  महर्षि चरक जयंती पर जीएस आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज व यूनिवर्सिटी में गूंजा आयुर्वेद का गौरव संस्कृत क्लब द्वारा किया गया आयोजन

इन कार्यक्रमों में ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ प्रमुख रूप से शामिल हैं।
अभियान के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि योजनाओं से पात्र व्यक्ति किसी भी स्तर पर वंचित न रह जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सरकार की योजनाओं और आम जनता के बीच मजबूत सेतु का काम करेगा।

प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में की जा रही तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने अभियान को लेकर बेहतर योजना तैयार की है। उन्होंने कहा कि अब इस योजना को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारने की जिम्मेदारी सभी की है। जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय सहभागिता के साथ अभियान को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाना होगा।

Also Read  डीएम ने गंगा तट पर परखी कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां सुरक्षा-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी समन्वय को अभियान की सफलता की अहम कड़ी बताते हुए कहा कि सभी मिलकर कार्य करें, ताकि सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय इसका वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी कविता मीना ने प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा रेखा नागर, सदर विधायक विजय पाल आढ़ती, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, गढ़मुक्तेश्वर विधायक हरेंद्र तेवतिया, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, नगर पालिका परिषद गढ़मुक्तेश्वर के अध्यक्ष राकेश बजरंगी, नगर पालिका परिषद हापुड़ की अध्यक्ष पुष्पा देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।