राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
भूख का बहाना, भरोसे का जाल और लाखों की ठगी… महिला से 20 लाख से अधिक की ठगी
हापुड़। जनपद हापुड़ की नगर कोतवाली क्षेत्र में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बाजार से घर लौट रही महिला को दो युवकों ने भूखा होने का बहाना बनाकर पहले मदद के लिए रोका और फिर अपनी बातों के जाल में उलझाकर विश्वास जीत लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक महिला के घर के पास तक पहुंचे और कथित रूप से उसे झांसे में लेकर करीब नौ तोले सोने के आभूषण, दो किलो चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद निकलवा लिए। इसके बदले आरोपित महिला को कागज में पत्थर के दो टुकड़े थमाकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, ठगी गई संपत्ति की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है।रफीकनगर निवासी रहीसुद्दीन के मुताबिक, शनिवार शाम उनकी पत्नी नाजरीन बाजार से सामान लेकर घर लौट रही थीं। मजीदपुरा क्षेत्र में दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को भूखा बताते हुए खाना खिलाने का आग्रह किया। महिला ने उनकी बात पर भरोसा करते हुए मदद के तौर पर उन्हें 200 रुपये दे दिए।
आरोप है कि इसके बाद युवकों ने बातचीत बढ़ाकर महिला को अपने विश्वास में लेना शुरू कर दिया।परिवार का आरोप है कि इसी दौरान एक युवक महिला को बातचीत में उलझाए रहा, जबकि दूसरे ने 200 रुपये के नोट पर कोई पदार्थ लगाकर उसे वापस कर दिया। इसके बाद दोनों युवकों ने रुपये लेने से इनकार करते हुए महिला से घर से खाना लाने की बात कही। बातचीत के दौरान दोनों युवक महिला के साथ रफीकनगर स्थित उसके घर के पास तक पहुंच गए।आरोप है कि घर के पास पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने महिला को इस तरह विश्वास में लिया कि वह घर में रखे जेवर और नकदी उनके हवाले करने के लिए तैयार हो गईं।
महिला ने करीब नौ तोले सोने के आभूषण, दो किलो चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद एक प्लास्टिक के कट्टे में रखकर युवकों को सौंप दिए।इसके बदले आरोपितों ने कागज में पत्थर के दो टुकड़े लपेटकर महिला को दे दिए। आरोप है कि युवकों ने महिला से कहा कि वह कागज को दो दिन बाद खोले। इसके बाद दोनों युवक जेवर और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोशी जैसी स्थिति में चली गईं।
स्वजन ने चिकित्सक को बुलाकर उनका उपचार कराया।रविवार रात करीब 10 बजे महिला को होश आया तो उन्होंने स्वजन को पूरी घटना बताई। इसके बाद युवकों द्वारा दिए गए कागज को खोला गया तो उसमें जेवर और नकदी के स्थान पर पत्थर के टुकड़े मिले। यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई लाखों रुपये की ठगी का पता चला।घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान की जा सके। पुलिस अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
