राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
निजामपुर कट पर बदलेगी हाईवे की तस्वीर, 31 करोड़ से हादसों को रोकने वाला फ्लाईओवर का काम शुरू
जनपद हापुड़ के नेशनल हाईवे-09 स्थित निजामपुर कट पर हादसों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। लंबे समय से दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील बने इस कट पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण शुरू करा दिया है।
लगभग 900 मीटर लंबे थ्री-लेन फ्लाईओवर को करीब छह महीने में तैयार करने की समय सीमा निर्धारित की गई है। परियोजना के पूरा होने के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुगम होने और हादसों की आशंका कम होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य शुरू होते ही बदली यातायात व्यवस्था, वैकल्पिक मार्ग से भेजे जा रहे वाहनफ्लाईओवर निर्माण के चलते निजामपुर कट पर यातायात संचालन में बदलाव कर दिया गया है।
निर्माण क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्ग बंद किया है। इसके कारण हापुड़ और पिलखुवा की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। बुलंदशहर रोड की तरफ बनाए गए मार्ग से वाहन चालक जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के सामने यू-टर्न लेकर दोबारा मुख्य मार्ग पर पहुंच रहे हैं। दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को तय करनी पड़ रही पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरीमार्ग परिवर्तन के कारण दिल्ली की दिशा में जाने वाले वाहन चालकों को करीब पांच किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।
इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण क्षेत्र में यातायात का दबाव नियंत्रित रखने के लिए पुलिस वाहनों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रही है। जाम की स्थिति से बचने के लिए मार्ग पर आवाजाही को व्यवस्थित करने का प्रयास जारी है।
फ्लाईओवर बनने के बाद मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को राहत की उम्मीद प्रस्तावित फ्लाईओवर का उद्देश्य निजामपुर कट पर यातायात प्रवाह को बेहतर बनाना और दुर्घटना संभावित क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है। निर्माण पूरा होने के बाद मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहन चालकों को मौजूदा कट की यातायात व्यवस्था से होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। थ्री-लेन फ्लाईओवर के जरिए वाहनों को अधिक सुगम मार्ग उपलब्ध कराने की योजना है।
छह महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य, वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपीलफ्लाईओवर निर्माण के दौरान मार्ग पर बैरिकेडिंग और यातायात परिवर्तन लागू है। ऐसे में वाहन चालकों से यातायात संकेतकों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
एनएचएआई का लक्ष्य निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य पूरा कर निजामपुर कट की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है। परियोजना पूरी होने के बाद इस संवेदनशील क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वाहनों के आवागमन में सुधार आने की संभावना है।
