राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के धनपुरा गांव में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। खेत में गीदड़ का शिकार किए जाने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शिकार करने के बाद तेंदुआ घनी फसल के बीच कहीं छिप गया। उसकी मौजूदगी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर खेतों की ओर पहुंच गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया और तेंदुए की तलाश में अभियान शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि धनपुरा गांव के आसपास खेतों में तेंदुए की गतिविधियां देखे जाने की सूचना के बाद ग्रामीणों में खलबली मच गई। इसी बीच खेत में गीदड़ के शिकार की जानकारी सामने आई। मौके पर शिकार के निशान मिलने के बाद ग्रामीणों को आशंका हुई कि तेंदुआ अभी आसपास के खेतों में ही छिपा हुआ है। घनी फसल होने के कारण तेंदुए को तलाशना वन विभाग की टीम के लिए भी चुनौती बना हुआ है।तेंदुए की तलाश शुरू होते ही ग्रामीणों की भीड़ खेतों की तरफ उमड़ पड़ी।

Also Read  पिलखुवा के बीच बाजार खुला नाला बना मौत का नाला चलते-चलते युवक जा गिरा सीसीटीवी में कैद हादसा

हाथों में लाठी-डंडे लेकर ग्रामीण वन विभाग की टीम के साथ संभावित ठिकानों को खंगालने लगे। आसपास के खेतों और झाड़ियों में भी तलाश की गई। बताया जा रहा है कि लोगों की भीड़ और शोरगुल बढ़ने पर तेंदुआ खेतों की तरफ भाग निकला और घनी फसल के बीच अचानक नजरों से ओझल हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।तेंदुआ पकड़ में नहीं आने से ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ रही है। किसानों का कहना है कि खेतों में काम करना अब खतरे से खाली नहीं है। तेंदुआ कहीं आसपास छिपा होने की आशंका के चलते किसान अकेले खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं।

ग्रामीणों को यह भी डर सता रहा है कि अगर तेंदुआ खेतों से निकलकर आबादी की ओर पहुंच गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है।वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और तेंदुए को खुद पकड़ने या उसके करीब जाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।

Also Read  गंगा के गहरे पानी में डूबने लगे तीन श्रद्धालु, गोताखोरों की सजगता से टला बड़ा हादसा

ग्रामीणों ने भी वन विभाग से अभियान तेज कर तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।डीएफओ गौतम सिंह ने बताया कि धनपुरा गांव में तेंदुए की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर लगातार नजर बनाए हुए है। टीम पूरी तरह सक्रिय है और तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार निगरानी की जा रही है। तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और बहुत जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा।

ग्रामीणों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार सक्रिय है और तेंदुए के संभावित ठिकानों तथा उसके आने-जाने वाले रास्तों पर नजर रखी जा रही है। तेंदुए के पकड़े नहीं जाने तक धनपुरा और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों की नजर अब वन विभाग के अभियान पर टिकी है और सभी को इंतजार है कि कब इस खूंखार शिकारी को पकड़कर इलाके को भय से मुक्ति दिलाई जाती है।