राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़/ सिंभावली

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

शादी टूटी तो खौफनाक बदला! मंगेतर के घर पहुंचा युवक, सो रही दो बहनों पर फेंका तेजाब; पुलिस ने आरोपी दबोचा

जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के माधापुर गांव में शनिवार देर रात हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शादी टूटने की खुन्नस में एक सिरफिरे युवक ने चुपचाप लड़की पक्ष के घर पहुंचकर बाहर सो रही दो बहनों पर तेजाब से हमला कर दिया। तेजाब पड़ते ही दोनों युवतियां बुरी तरह झुलस गईं और उनकी चीख-पुकार से परिवार में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

बताया जा रहा है कि माधापुर गांव निवासी एक युवती का हापुड़ के आवास विकास क्षेत्र निवासी युवक से रिश्ता तय हुआ था। रिश्ता तय होने के बाद लड़की पक्ष को युवक की शराब पीने की आदत और गलत संगत में बैठने की जानकारी हुई। परिजनों को आशंका थी कि युवक की आदतें लगातार बिगड़ रही हैं और यदि समय रहते शादी नहीं रोकी गई तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसी को देखते हुए लड़की पक्ष ने शादी से पहले ही रिश्ता तोड़ने का फैसला कर लिया।

Also Read  मरीज की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा डॉक्टर से मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप वीडियो वायरल

रिश्ता टूटना युवक को इतना नागवार गुजरा कि कथित तौर पर उसने इसे अपनी बेइज्जती मानकर खौफनाक साजिश रच डाली। आरोप है कि शनिवार देर रात युवक चुपचाप लड़की पक्ष के घर पहुंचा। घर के बाहर सो रही दोनों बहनों को निशाना बनाते हुए उसने उन पर तेजाब फेंक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

अचानक तेजाब पड़ते ही दोनों युवतियां दर्द से चीख उठीं। उनकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद डायल-112 और सिंभावली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बिना देर किए दोनों घायल युवतियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद युवतियों की स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी और कुछ ही समय में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन, घटना के समय उसकी मौजूदगी, तेजाब की व्यवस्था और वारदात के पीछे की पूरी साजिश समेत तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read  न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप स्टे के बावजूद निजी जमीन में खुदाई से परतापुर अंडरपास पर गरमाया विवाद

घटना के बाद गांव में भी आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शादी टूटने की खुन्नस में दो युवतियों को इस तरह निशाना बनाया जाना बेहद गंभीर और दुस्साहसिक वारदात है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल दोनों युवतियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार एवं मेडिकल के लिए मेरठ भेजा गया है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शादी से पहले रिश्ता तोड़े जाने की खुन्नस में उठाया गया यह खौफनाक कदम अब आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचा चुका है। पुलिस की जांच के बाद वारदात के पीछे की पूरी कहानी और सामने आने की उम्मीद है।