राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now


सपनों को पंख, सफलता की तैयारी को दिशा; डीएम कविता मीना ने छात्रों को किया प्रेरित

हापुड़। जनपद में मंगलवार को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत सत्र 2026-27 के लिए एसएसवी डिग्री कॉलेज, हापुड़ में परिचय एवं मार्गदर्शन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कविता मीना ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सफलता के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। जिलाधिकारी के संबोधन से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य प्रतिभावान एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग एवं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित आईएएस और पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार के लिए योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों द्वारा नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

जिलाधिकारी कविता मीना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है, जिसके माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सामने आर्थिक परिस्थितियां उनकी सफलता में बाधा नहीं बननी चाहिए। ऐसे विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना योजना का प्रमुख उद्देश्य है।

Also Read  मेहनत लाई रंग, पिलखुवा के रक्षित राघव बने लेफ्टिनेंट, जम्मू-कश्मीर में मिली पोस्टिंगपिलखुवा।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पूरी लगन, मेहनत एवं अनुशासन के साथ तैयारी करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के साथ नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास जरूरी है।

डीएम ने विद्यार्थियों को समय का सही उपयोग करने, पाठ्यक्रम के अनुरूप तैयारी करने और अपनी कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों के पीछे निरंतर मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यार्थियों को असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की प्रशिक्षण व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दी गईं।

विद्यार्थियों को बताया गया कि अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में उन्हें प्रारंभिक परीक्षा से लेकर मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तक की तैयारी के लिए आवश्यक सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकगण, संबंधित विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित करना रहा।

Also Read  खेलो इंडिया संवाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं में भरा जोश मोनार्ड यूनिवर्सिटी में गूंजा खेल प्रतिभाओं और युवाओं को नई उड़ान देने का संदेश

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से हापुड़ के युवाओं को आईएएस और पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलने से विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।