राष्ट्र संवाद टाइम्स :ajay verma
हापुड़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, तीन सीओ के बदले कार्यक्षेत्र; अपराध से नगर तक बदली जिम्मेदारियां
हापुड़। जनपद हापुड़ जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तीन क्षेत्राधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। शनिवार को जारी आदेश के बाद पुलिस विभाग में जिम्मेदारियों का नया समीकरण तैयार हो गया है। सभी अधिकारियों को नई तैनाती पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के तहत क्षेत्राधिकारी अपराध दीपक चतुर्वेदी को अब क्षेत्राधिकारी नगर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री अनीता चौहान को क्षेत्राधिकारी कार्यालय भेजा गया है।
इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी कार्यालय जितेन्द्र कुमार शर्मा को अब क्षेत्राधिकारी अपराध की जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव के साथ अपराध शाखा की कमान भी नए अधिकारी के हाथों में आ गई है।
अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर फोकस
पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह फेरबदल जनपद में अपराध नियंत्रण तथा कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के दृष्टिगत किया गया है। अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदलने के बाद अब संबंधित क्षेत्रों में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी इन अधिकारियों पर होगी।
खास तौर पर क्षेत्राधिकारी अपराध के पद पर जितेन्द्र कुमार शर्मा की तैनाती को अहम माना जा रहा है। वहीं दीपक चतुर्वेदी को नगर क्षेत्र की जिम्मेदारी मिलने के बाद शहर की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल से साफ है कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग में कसावट लाने पर विभाग का जोर है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश 05 सितंबर 2026 से प्रभावी किया गया है।
