राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
ईवीएम-वीवीपैट पर हापुड़ प्रशासन अलर्ट, राजनीतिक दलों की मौजूदगी में वेयरहाउस खोला-बंद
हापुड़। जनपद हापुड़ मे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। दिल्ली रोड स्थित विकास भवन के निकट बनाए गए ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस को 03 सितंबर 2026 को फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) के प्रयोजन से निर्धारित प्रक्रिया के तहत वीडियोग्राफी के बीच खोला और बंद किया गया।
वेयरहाउस खोलने और बंद करने की पूरी प्रक्रिया के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने भी मौके पर मौजूद रहकर प्रक्रिया को देखा।
प्रशासन ने ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पूरी कार्रवाई कराई। वेयरहाउस से जुड़ी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, जिससे प्रत्येक चरण का रिकॉर्ड सुरक्षित रहे और निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
ईवीएम-वीवीपैट के भंडारण और सुरक्षा को लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश निर्धारित हैं। इन्हीं नियमों के तहत मशीनों के रखरखाव, सुरक्षा और वेयरहाउस के संचालन की प्रक्रिया संपन्न की जाती है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी इसी पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा रही।
जिला निर्वाचन अधिकारी हापुड़ की ओर से स्पष्ट किया गया कि ईवीएम/वीवीपैट के भंडारण एवं सुरक्षा से संबंधित विस्तृत प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन मैनुअल में निर्धारित है। संबंधित दिशा-निर्देश भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।
प्रशासन की इस सतर्कता का उद्देश्य ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ-साथ निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता को पूरी तरह कायम रखना है।
