राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
हापुड़ की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस, 108 शिकायतों में 19 का मौके पर निस्तारण
हापुड़। जनपद हापुड़ की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और धौलाना तहसील में कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण संबंधित अधिकारियों द्वारा कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
गढ़मुक्तेश्वर में डीएम कविता मीना और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, 52 शिकायतों में 12 का निस्तारण गढ़मुक्तेश्वर तहसील में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिलाधिकारी कविता मीना ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। यहां कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।समाधान दिवस में खतौनी, वरासत, सीमांकन, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों के साथ ही मारपीट, शांति भंग तथा साइबर फ्रॉड से जुड़े प्रार्थना पत्र भी अधिकारियों के समक्ष पहुंचे। इसके अलावा पेंशन, आवास, शौचालय, सड़क, विद्युत एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तथ्यों की जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिकायतों का पोर्टल पर अंकन और समयबद्ध निस्तारण के निर्देशजिलाधिकारी कविता मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र का अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अंकन किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना भी सुनिश्चित किया जाए। निस्तारण की जानकारी शिकायतकर्ता को फोन के माध्यम से भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे उसे अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी मिल सके।
भूमि संबंधी विवादों को लेकर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मामलों का परीक्षण करने तथा नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोनों विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाए और अनावश्यक विलंब से बचा जाए।कानून-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई—एसपी पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कानून-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना स्तर पर पीड़ितों की सुनवाई प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किए जाने की बात कही। पुलिस से संबंधित शिकायतों में तथ्यों के आधार पर जांच और विधिक प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई पर जोर दिया गया, ताकि शिकायतकर्ताओं को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जा सके।हापुड़ तहसील में 40 शिकायतें प्राप्त, पांच का मौके पर निस्तारण इसी क्रम में हापुड़ तहसील में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण संबंधित अधिकारियों द्वारा कराया गया।
शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।धौलाना में 16 शिकायतें प्राप्त, दो का मौके पर निस्तारण धौलाना तहसील में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 16 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
अधिकारियों ने शेष शिकायतों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच निर्धारित नियमों के अनुरूप करने तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने जनशिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने पर जोर दिया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी गढ़मुक्तेश्वर, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, जिला स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
