राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ :
गंगा एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार का खूनी तांडव, बेकाबू थार कई बार पलटी, चार युवकों की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप, एक युवक घायल उपचार जारी :
हापुड़/सिंभावली। गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार का कहर इस कदर बरपा कि एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जिंदगी खत्म हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिंभावली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ, जहां बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि थार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार हादसा 30-31 अगस्त की देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। थार में कुल पांच लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद थार बेकाबू होकर सड़क पर कई बार पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सिंखेड़ा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान जोगिंदर पुत्र झाइमन सिंह (26) निवासी पालपुर, बिल्सी, बदायूं, सुखबीर पुत्र होती लाल (25) निवासी मेवली, उझैती, बदायूं, जसवंत पुत्र होती लाल (20) निवासी मेवली तथा रवि पुत्र करण सिंह (20) निवासी पुरदलपुर, इस्लामनगर, बदायूं के रूप में हुई है। हादसे में 17 वर्षीय विष्णु निवासी पालपुर घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
चार युवकों की मौत की खबर सामने आते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। एक साथ चार परिवारों के चिराग बुझने से बदायूं क्षेत्र में भी मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हादसे की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तेज रफ्तार थार कई बार पलटने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर दुर्घटना के निशान और क्षतिग्रस्त वाहन हादसे की गंभीरता की गवाही दे रहे थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को एक्सप्रेस-वे से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्पीड रडार से प्राप्त जानकारी को भी जांच में शामिल किया जा रहा है, ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सके।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे से संबंधित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी प्रचलित है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार की जानलेवा कीमत को सामने ले आया है। कुछ ही सेकंड की बेकाबू रफ्तार ने चार परिवारों से उनके जवान बेटों को हमेशा के लिए छीन लिया।
