राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़/पिलखुवा
पिलखुवा NH-9 पर रफ्तार ने छीनी जिंदगी, जीएस कट के सामने ट्रक-बाइक भिड़ंत में अधेड़ की मौत, दो किशोर घायल हापुड़, 28अगस्त।
हापुड़ जनपद के पिलखुवा एनएच-9 हाईवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गाजियाबाद से हापुड़ की ओर जा रहे बाइक सवार तीन लोगों को जीएस कट के सामने एलिवेटिट पुल के ऊपर एक ट्रक और बाइक कि जोरदार टक्कर हो गई । इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे करीब 50 वर्षीय रहीस की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो किशोर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10 बजे मोटरसाइकिल संख्या UP37AA2724 पर रहीस पुत्र अल्लादिया, निवासी ग्राम राजपुर, थाना सिंभावली, जनपद हापुड़, अपने साथ हर्ष पुत्र इरशाद उम्र करीब 17 वर्ष और सैफ पुत्र इरशाद उम्र करीब 12 वर्ष, निवासी पिपलेड़ा रोड, जाकिर कॉलोनी, मसूरी, जनपद गाजियाबाद के साथ मसूरी से सिंभावली की ओर जा रहे थे।
जैसे ही बाइक पिलखुवा एनएच-9 पर जीएस कट के सामने पहुंची, उसी दौरान ट्रक संख्या UP38AT5346 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में रहीस को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हर्ष और सैफ घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सरस्वती मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि जीएस कट के सामने बाइक और ट्रक की टक्कर में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है तथा दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।
एनएच-9 पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
