राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील क्षेत्र के नंदपुर गांव के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद मौके पर जुटी राहगीरों की भीड़; ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर फरार हापुड़।
जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील क्षेत्र के नंदपुर गांव के पास बुधवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।घायल को गंभीर अवस्था में सड़क पर पड़ा देखकर राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी प्रमोद कुमार और पायलट रिंकू कुमार मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस कर्मियों ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया और तत्काल धौलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके बाद घायल को आगे के उपचार के लिए मेरठ ले जाया गया।हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भागा चालकघटना की सूचना मिलते ही धौलाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई।
थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि नंदपुर गांव के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया, जहां घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा चुका था।पुलिस के अनुसार, बाइक सवार को टक्कर मारने वाला अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक हादसे के बाद वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे हादसे के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके।थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
