राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

पिलखुवा : सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत, अज्ञात वाहन चालक पर मुकदमा

पिलखुवा (हापुड़)। पिलखुवा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के करीब 15 दिन बाद युवक ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में अंतिम सांस ली। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार संभल जनपद के थाना ऐंचोड़ा क्षेत्र के गांव मझोली समस्तपुर निवासी श्योराज सिंह ने बताया कि उनका पुत्र अनुज कुमार 8 सितंबर 2026 की रात अपने साथी संजू कुमार के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से नोएडा जा रहा था।

जब दोनों पिलखुवा स्थित छिजारसी टोल प्लाजा से आगे पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अनुज कुमार की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया था, जहां वह पिछले कई दिनों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था।परिजनों के अनुसार उपचार के दौरान 23 सितंबर को अनुज कुमार की मौत हो गई।

Also Read  राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बेकाबू कैंटर का कहर 10 से 12 वाहन आपस में भिड़े गनीमत रही टली बड़ी जनहानि

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।मृतक के पिता ने पिलखुवा थाने में तहरीर देकर बेटे के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराने के साथ ही दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच उपनिरीक्षक रिंकू सिंह को सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार बालियान का कहना है कि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।