राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
गंगा एक्सप्रेसवे पर पुलिस की सरकारी गाड़ी का भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराकर सिपाही की मौत—VIP ड्यूटी पर जा रहे थे मेरठ
हापुड़। गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार शाम थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में पुलिस की सरकारी गाड़ी का भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार मार्ग पर सरकारी वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए सिपाही सुमित कुमार सैनी की उपचार के दौरान मौत हो गई। सिपाही की मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 की शाम करीब छह बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर सरकारी वाहन संख्या UP 27 G 0312 (टाटा सूमो गोल्ड) के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पुलिस को मिली। बताया गया कि वाहन किसी कारण से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। दुर्घटना में वाहन चला रहे सिपाही सुमित कुमार सैनी पुत्र राम कुमार सैनी, निवासी ग्राम जसोई, थाना तितावी, जनपद मुजफ्फरनगर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि सिपाही सुमित कुमार सैनी शाहजहांपुर से सरकारी वाहन लेकर नोएडा में VIP ड्यूटी के लिए जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें बहादुरगढ़ क्षेत्र स्थित वीकेसी अस्पताल सदरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें देवनंदिनी अस्पताल, हापुड़ रेफर किया गया।हापुड़ में उपचार के दौरान भी सिपाही की हालत गंभीर बनी रही।
चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया। घायल सिपाही के साथ होमगार्ड सोनू और एसएसआई नवीन कुमार गौतम भी मेरठ के लिए रवाना हुए।मेरठ में उपचार के दौरान सिपाही सुमित कुमार सैनी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और परिजनों में शोक की स्थिति बन गई। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
आखिर कैसे हुआ हादसा?गंगा एक्सप्रेसवे जैसे तेज रफ्तार मार्ग पर VIP ड्यूटी के लिए जा रही पुलिस की सरकारी गाड़ी अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकराई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।सिपाही सुमित कुमार सैनी की मौत के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। हादसे की परिस्थितियों और वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है।
