राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
पिलखुवा सात दिन तक गूंजती रही आस्था की धुन, दतेडी जाहरवीर बाबा मेले ने छोड़ी अमिट छाप
हापुड़ पिलखुवा। पिलखुवा क्षेत्र में गांव दतेडी के प्रसिद्ध जाहरवीर बाबा मेले का सात दिवसीय आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। मेले के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। समापन समारोह के दौरान मेला परिसर में दिनभर धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां जारी रहीं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
मेला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष मेले में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक रही। दूर-दराज के गांवों और विभिन्न जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। मेले के दौरान झूले, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और विभिन्न प्रकार की दुकानों ने भी लोगों को आकर्षित किया।
समापन अवसर पर पुलिस प्रशासन और मेला समिति के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। भोजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन कश्यप एवं मेला चौकी प्रभारी विपिन गुप्ता को समिति की ओर से स्मृति चिन्ह और सम्मान स्वरूप भेंट प्रदान की गई। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी मेले के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए समिति की सराहना की।
मेला अध्यक्ष सीएम चौहान ने बताया कि वर्षों पुरानी इस धार्मिक परंपरा को क्षेत्रवासियों का लगातार सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और जनसहयोग के कारण मेला हर वर्ष नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस वर्ष मेले में उमड़ी भीड़ ने कई पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।
उन्होंने मेले को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।समापन समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी सहभागिता की।
मेला समिति के राममूल सिंह तोमर, ऋषिपाल तोमर एडवोकेट, हरिओम चौहान, लखन तोमर, जितेंद्र तोमर, लोकेश तोमर, रामकुमार तोमर, मुकेश तोमर और अजय तोमर सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
