राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
हिम्मतनगर में 19 फीट ऊंची ज्वार बनी कौतूहल, फसल देखने पहुंच रहे
ग्रामीण 10 बीघा खेत में सामान्य से कई गुना ऊंची हुई ज्वार, किसानों ने भी जताया आश्चर्य; मोबाइल में तस्वीरें कैद कर रहे लोग हापुड़
पिलखुवा। जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र के हिम्मतनगर गांव में इन दिनों एक खेत की ज्वार लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। करीब 10 बीघा खेत में खड़ी ज्वार की फसल कई जगह लगभग 19 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गई है। खेत में इतनी ऊंची ज्वार देखकर आसपास के किसान और ग्रामीण हैरान हैं।
गांव में फसल की असाधारण बढ़वार की चर्चा होने के बाद आसपास के लोग भी इसे देखने पहुंच रहे हैं। कई लोग खेत में खड़ी ज्वार के साथ तस्वीरें और वीडियो बनाकर इस अनोखी फसल को अपने मोबाइल में कैद कर रहे हैं।आमतौर पर ज्वार के पौधे इतनी ऊंचाई तक नहीं पहुंचते, लेकिन हिम्मतनगर के इस खेत में फसल की बढ़वार सामान्य से काफी अलग दिखाई दे रही है। खेत में दूर तक खड़ी ऊंची ज्वार पहली नजर में ही लोगों का ध्यान खींच रही है। खेत के आसपास से गुजरने वाले लोग भी रुककर पौधों की ऊंचाई देखते हैं और किसानों से इसकी वजह के बारे में जानकारी लेते हैं।
स्थानीय किसानों के लिए भी यह फसल किसी आश्चर्य से कम नहीं है। उनका कहना है कि उन्होंने वर्षों से ज्वार की खेती देखी और की है, लेकिन इतनी ऊंची फसल बहुत कम देखने को मिलती है। यही वजह है कि आसपास के गांवों में भी इस खेत की ज्वार को लेकर चर्चा बनी हुई है।खेत मालिक चौधरी कलुआ के मुताबिक उन्होंने खेत में ज्वार की बुवाई सामान्य तरीके से की थी। फसल निकलने के बाद उसकी बढ़वार लगातार होती गई। पौधों की ऊंचाई बढ़ती देखकर उन्हें भी उम्मीद नहीं थी कि ज्वार इतनी ऊंची हो जाएगी।
अब करीब 19 फीट तक पहुंची फसल उनके लिए भी कौतूहल का विषय बनी हुई है।किसान के अनुसार फसल की अच्छी बढ़वार के लिए खेत में खाद और पानी का उचित प्रबंध किया गया। समय-समय पर सिंचाई और फसल की देखभाल की गई। इस बार मौसम ने भी साथ दिया, जिसके चलते ज्वार की फसल ने सामान्य से कहीं अधिक ऊंचाई हासिल कर ली।
फसल की चर्चा आसपास के क्षेत्र में फैलने के बाद गफ्फार हसन, चौधरी रहमत, चौधरी शौकीन, हाजी नजर हसन, चौधरी सत्तार, हाजी हसरत और मोनू त्यागी समेत कई किसान और ग्रामीण खेत पर पहुंचे। सभी ने इतनी ऊंची ज्वार देखकर हैरानी जताई। फिलहाल हिम्मतनगर का यह खेत क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग 19 फीट तक पहुंची ज्वार को देखने के लिए लगातार पहुंच रहे हैं।
