राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ :
जन्माष्टमी पर हापुड़ में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 3 जोन में बांटा गया जिला, मजिस्ट्रेटों की तैनाती, पुलिस भी अलर्ट
हापुड़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए हापुड़ जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पर्व के दौरान मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर होने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। जिलाधिकारी कविता मीना ने जनपद को तीन जोन में बांटकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। वहीं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से जन्माष्टमी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखें।
हापुड़ तहसील क्षेत्र में प्रभारी एसडीएम प्रेमपाल सिंह, थाना कोतवाली नगर में तहसीलदार दिवाकर मिश्र, थाना हापुड़ देहात में न्यायिक तहसीलदार स्वाति गुप्ता, बाबूगढ़ में नायब तहसीलदार श्वेता छापड़िया, गढ़मुक्तेश्वर में प्रभारी श्रीराम यादव और सिंभावली में तहसीलदार हेमंत चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह धौलाना तहसील में प्रभारी एसडीएम कल्पना सिंह चौहान, पिलखुवा में तहसीलदार सचिन कुमार, धौलाना में न्यायिक तहसीलदार प्रवेश कुमार, हाफिजपुर में नायब तहसीलदार प्रताप सिंह तथा कपूरपुर में नायब तहसीलदार अमरपाल सिंह को तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने थाना प्रभारियों और सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
