राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

गन्ना किसानों के ₹203 करोड़ बकाया भुगतान पर बैठक, 15 अक्टूबर तक ₹100 करोड़ भुगतान का लक्ष्य
हापुड़, 1 सितंबर। जिला सूचना विभाग, हापुड़ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जनपद के गन्ना किसानों के लंबे समय से लंबित 203.42 करोड़ रुपये के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर प्रशासन और चीनी मिल प्रबंधन के बीच अहम बैठक हुई। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में किसानों के बकाया भुगतान के साथ सिम्भावली और बृजनाथपुर चीनी मिलों के रिपेयर-मेंटीनेंस तथा आगामी पेराई सत्र में मिलों के संचालन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विधायक धर्मेश तोमर एवं विजयपाल आढ़ती, जिलाधिकारी कविता मीना, जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह, न्यायालय द्वारा नियुक्त आईआरपी अनुराग गोयल, मुख्य महाप्रबंधक करन सिंह एवं परमिन्दर सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गन्ना किसानों के करोड़ों रुपये के बकाया भुगतान को लेकर विधायकगण ने आईआरपी के समक्ष रोष व्यक्त करते हुए किसानों के भुगतान को प्राथमिकता देने की बात रखी। इस पर आईआरपी अनुराग गोयल ने बताया कि सिम्भावली और बृजनाथपुर चीनी मिलों से चीनी एवं अन्य सह-उत्पादों की बिक्री से प्राप्त होने वाली लगभग 100 करोड़ रुपये की धनराशि 15 अक्टूबर 2026 तक गन्ना किसानों को भुगतान करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, शेष लगभग 100 करोड़ रुपये का भुगतान आगामी पेराई सत्र में उत्पादित चीनी की बिक्री से किए जाने की योजना बताई गई। इससे लंबे समय से बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बैठक में दोनों चीनी मिलों को आगामी पेराई सत्र के लिए समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए। आईआरपी के अनुसार मिलों का रिपेयर एवं मेंटीनेंस लगभग 10 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद 15 से 20 अक्टूबर के बीच दोनों मिलों का संचालन शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में सिम्भावली ग्रुप की तीनों चीनी मिलों के टेकओवर की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। आईआरपी के अनुसार सीओसी द्वारा फॉर्म-जी जारी किया जा चुका है। समाधान प्रक्रिया में संभावित आवेदकों की अनंतिम सूची 16 सितंबर, आपत्तियों की अंतिम तिथि 21 सितंबर, अंतिम सूची 30 सितंबर तथा समाधान योजनाएं जमा करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
आईआरपी ने बताया कि टेकओवर प्रक्रिया के बाद गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद ट्रांसपोर्टर एवं अन्य देनदारियों तथा अंत में बैंकों के भुगतान की प्रक्रिया की जाएगी।
English Headline:
Meeting Held Over ₹203 Crore Sugarcane Dues, ₹100 Crore Payment Target Set for October 15

Also Read  हापुड़ के खिलाड़ियों को बड़ा मौका प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुरू होगी चयन प्रक्रिया