राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़: ajay verma
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में गौरव त्यागी की निर्मम हत्या को लेकर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। हत्या की वारदात से गुस्साए राष्ट्रीय सैनिक संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और हत्यारोपियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की मांग उठाई, जिससे कानून के प्रति लोगों का भरोसा कायम हो। संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेन्द्र त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ता नगर पालिका परिषद स्थित शहीद स्तंभ पहुंचे। यहां गौरव त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने हत्यारोपियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने साफ शब्दों में कहा कि गौरव त्यागी की हत्या जैसी वारदात को किसी भी कीमत पर सामान्य घटना मानकर नहीं छोड़ा जा सकता। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारोपियों पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सुरक्षा एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। नारेबाजी के बीच प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाने की मांग की।
मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर प्रेमपाल सिंह और क्षेत्राधिकारी अनिता चौहान को प्रदर्शनकारियों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हत्यारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, मृतक के परिवार को पूर्ण सुरक्षा तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
संस्था के जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने कहा कि गौरव त्यागी की निर्मम हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में आरोपियों के घर या संपत्ति से संबंधित कोई अवैधता सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार की सुरक्षा में कोई कमी न छोड़ी जाए। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलने तक संगठन अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेन्द्र त्यागी ने कहा कि गौरव त्यागी के हत्यारोपियों के खिलाफ पुलिस को कानून के दायरे में रहते हुए सबसे कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग उठाई और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की। उन्होंने क्षेत्राधिकारी अनिता चौहान से मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा। इस दौरान जिला सचिव मुकेश प्रजापति, जिला सूचना प्रसारण मंत्री श्याम वर्मा, वरिष्ठ जिला संरक्षक हरीराज सिंह त्यागी, ब्रजभूषण त्यागी, हेमराज त्यागी, राजकुमार वर्मा, दीपचंद प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
