राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :
हापुड़ में सियासी हलचल तेज! दीपक जाटव हत्याकांड को लेकर गरमाई सियासत
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सपा सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने रोकाहापुड़। दीपक जाटव हत्याकांड को लेकर हापुड़ में एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात करने और उन्हें आर्थिक मदद देने के लिए पहुंचे समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने गांव की ओर जाने से पहले मोदीनगर रोड पर रोक दिया।
सांसद को रोके जाने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुट गए, जिसके बाद पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच माहौल तनावपूर्ण नजर आया।बताया जा रहा है कि सपा सांसद रामजीलाल सुमन दीपक जाटव के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देने और आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए हापुड़ पहुंचे हैं। सपा की ओर से बताया गया है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने का निर्देश पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से दिया गया है।
सांसद के हापुड़ पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट हो गया। मोदीनगर रोड और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कई स्थानों से पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया, ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।सपा सांसद को रोके जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने सांसद को पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति देने की मांग की।
मौके पर सपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर भी चलता रहा।दीपक जाटव की मौत के बाद से बदनौली प्रकरण लगातार चर्चा में बना हुआ है। घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी लगातार नजर बनी हुई है। ऐसे में सपा सांसद के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचने और पुलिस द्वारा उन्हें रास्ते में रोक दिए जाने से मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
मौके पर सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ और भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते मोदीनगर रोड पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सांसद को आगे जाने से रोके जाने की स्थिति ने पूरे घटनाक्रम को और महत्वपूर्ण बना दिया है।
अब नजर इस बात पर है कि क्या पुलिस सपा सांसद रामजीलाल सुमन को पीड़ित परिवार से मुलाकात की अनुमति देती है या उन्हें मौके से ही वापस लौटना पड़ेगा। फिलहाल दीपक जाटव हत्याकांड को लेकर हापुड़ में सियासत गर्म है और मोदीनगर रोड पर पुलिस की मौजूदगी के बीच सपा नेताओं-कार्यकर्ताओं का जमावड़ा बना हुआ है।
