राष्ट्र संवाद टाइम्स: ajay verma
हापुड़ में अरुण गोविल का दमदार दौरा, जनता से संवाद और अफसरों को फास्ट एक्शन का संदेश
हापुड़ में अरुण गोविल का दमदार दौरा, जनता से संवाद और अफसरों को फास्ट एक्शन का संदेश
हापुड़। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद अरुण गोविल सोमवार को हापुड़ पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही सांसद ने शहर की गोल मार्केट का दौरा कर स्थानीय लोगों से बातचीत की और वहां की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
सांसद अरुण गोविल ने इसके बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं की जानकारी लेते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। जो भी शिकायतें सामने आ रही हैं, उनका जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाए, ताकि लोगों को बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
गोल मार्केट के दौरे के दौरान भी सांसद ने स्थानीय लोगों की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रशासन के साथ मिलकर काम करना उनकी प्राथमिकता है।
वहीं दिल्ली में जर्जर इमारत गिरने से हुई मौतों पर अरुण गोविल ने दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके दुख को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।
देश में आरक्षण को लेकर चल रहे आंदोलनों के सवाल पर सांसद अरुण गोविल ने कहा कि आरक्षण आज देश का मुद्दा बना हुआ है और जगह-जगह आंदोलन चल रहे हैं। सरकार इस विषय पर निर्णय की ओर बढ़ रही है, इसलिए समय से पहले इस मुद्दे पर कुछ कहना उचित नहीं होगा। सरकार जो भी निर्णय लेगी, वह सोच-विचार के बाद ही लिया जाएगा।
सांसद के हापुड़ दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह दिखाई दिया। सांसद ने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।
बाइट — अरुण गोविल, भाजपा सांसद
