राष्ट्र संवाद टाइम्स : pawan verma
पेट्रोल पंप पर दबंगई करने वाले स्कार्पियो चालक पर पुलिस का शिकंजा, चंद घंटों में गिरफ्तार—घटना में प्रयुक्त गाड़ी जब्त
पिलखुवा। जनपद हापुड़ में अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पिलखुवा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप पर दबंगई दिखाने वाले स्कार्पियो चालक को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। डीजल के पैसे मांगने पर आरोपी ने सेल्समैन के साथ दबंगई की और उसका हाथ गाड़ी की खिड़की में फंसाकर उसे घसीटने की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो को भी जब्त कर लिया।
बताया गया कि आरोपी अपनी स्कार्पियो में डीजल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए जाने लगा। सेल्समैन ने जब डीजल के रुपये मांगे तो आरोपी कथित तौर पर दबंगई पर उतर आया। आरोप है कि उसने सेल्समैन का हाथ गाड़ी की खिड़की में फंसा लिया और गाड़ी दौड़ाकर उसे घसीट दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार वालियान ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संभावित स्थानों पर दबिश दी और चंद घंटों के भीतर ही आरोपी फरियाद पुत्र अब्दुल वाहिद, निवासी ग्राम ललियाना, थाना किठौर, जनपद मेरठ को हिंडालपुर बंबा कट के पास धर्म कांटे से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो संख्या UP15EY3159 भी बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ थाना पिलखुवा में मु0अ0सं0 461/26, धारा 109(1), 351 व 316(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार वालियान, उपनिरीक्षक विवेक चौहान, हेड कांस्टेबल राहुल सिंह और हेड कांस्टेबल ऋतुराज शामिल रहे।
