राष्ट्र संवाद टाइम्स : riyaz ahmad
हापुड़ के गांव बदनौली में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, पथराव के बाद फायरिंग से मचा हड़कंप
हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र में मोदीनगर रोड स्थित गांव बदनौली में सोशल मीडिया और रास्ते को लेकर चली आ रही आपसी रंजिश ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। नई उम्र के लड़कों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट, पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर हुई कहासुनी और रास्ते को लेकर चली आ रही आपसी रंजिश से हुई। दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो विवाद बढ़ गया और मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें दो लोगों को गोली लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए सीओ सिटी अनीता चौहान और नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसी बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एक युवक पथराव करता हुआ और एक अन्य युवक फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस वायरल वीडियो की भी बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद मामले में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हापुड़ एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि घटना में घायल चारों लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल ठीक है और उन्हें केवल बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हायर सेंटर भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में विवाद के पीछे सोशल मीडिया पर हुई कहासुनी और रास्ते को लेकर चली आ रही आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now
Also Read  गंगा के गहरे पानी में डूबने लगे तीन श्रद्धालु, गोताखोरों की सजगता से टला बड़ा हादसा