राष्ट्र संवाद टाइम्स : aarif kassar :
उद्योग हितों की आवाज बनेगी नई टीम, दीपक शर्मा चुने गए MGR एसोसिएशन के अध्यक्ष
धौलाना। MGR इंडस्ट्रियलिस्ट वेल्फेयर एसोसिएशन के चुनाव में नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। 14 सितंबर को आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। चुनाव के दौरान कोर कमेटी के सदस्यों ने विभिन्न पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लिया। परिणाम घोषित होने के बाद सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि नई टीम औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।निर्वाचन के बाद दीपक शर्मा को एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया।
वहीं मनप्रीत सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। धीरज तोमर और सुदीप चौधरी उपाध्यक्ष, महेश शर्मा सह-कोषाध्यक्ष तथा राजेश पांचाल संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। इसके अलावा बबलू चौधरी को महासचिव, तरुण अग्रवाल कोषाध्यक्ष और संजीव गोयल को सचिव बनाया गया। अनुज जैन को संयुक्त सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। कई पदों पर सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।अध्यक्ष चुने जाने के बाद दीपक शर्मा ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों और एसोसिएशन से जुड़े सदस्यों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा उद्योगों के हित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।उपाध्यक्ष धीरज तोमर ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने संगठन के सदस्यों की एकजुटता को एसोसिएशन की मजबूती का आधार बताया।नई कार्यकारिणी के गठन के बाद एसोसिएशन के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया।
सदस्यों ने कहा कि नई टीम के सामने औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने, विभागीय अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने और क्षेत्र में उद्योगों के अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भी संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए उद्योग जगत से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाने का भरोसा दिलाया।
