राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma
थाना धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र फेस-वन में मंगलवार को एक केमिकल बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री से उठते काले धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।बताया गया कि यूपीएसआईडीसी चौकी के पीछे स्थित घनश्याम की केमिकल बनाने वाली फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से आग लगी। फैक्ट्री में केमिकल मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना धौलाना प्रभारी अवनीश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।फायर सर्विस स्टेशन प्रभारी सचिन बालियान ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फैक्ट्री में केमिकल होने के कारण आग बुझाने में सावधानी बरती जा रही है। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। आग की गंभीरता को देखते हुए एहतियात के तौर पर 108 एंबुलेंस को भी सूचना देकर मौके पर तैनात कराया गया। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। थाना धौलाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को तत्काल सूचना दी गई। चार दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटना के कारणों की जांच की जाएगी।
