राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

जनपद हापुड़ में लगातार सुविधाओं और यातायात व्यवस्थाओं को बेहतर करने की कोशिश हो रही है, लेकिन मेरठ रोड स्थित रोडवेज बस अड्डा अभी भी कई जरूरी सुविधाओं से पीछे नजर आ रहा है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं, लेकिन परिसर की मौजूदा स्थिति उनके लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बारिश के बाद बस अड्डे के कई हिस्सों में पानी जमा हो जाता है। परिसर में मौजूद ऊबड़-खाबड़ रास्तों और गड्ढों के कारण यात्रियों को बस तक पहुंचने में दिक्कत होती है। सामान लेकर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी रास्ता पार करते समय परेशानी का सामना करना पड़ता है। हापुड़ डिपो से करीब 134 बसों का संचालन किया जाता है। दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, लखनऊ, हरिद्वार और देहरादून समेत कई प्रमुख मार्गों पर बसें संचालित होती हैं। इसके चलते सुबह से शाम तक बस अड्डे पर यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है।बारिश के दौरान जलभराव की समस्या परिसर की स्थिति को और खराब कर देती है। कई जगह पानी जमा होने से यात्रियों को रास्ता बदलकर निकलना पड़ता है। वहीं सफाई व्यवस्था को लेकर भी सुधार की जरूरत महसूस की जा रही है। यात्रियों का कहना है कि बस अड्डे जैसे प्रमुख स्थान पर साफ-सफाई, जलनिकासी और आने-जाने के रास्तों को बेहतर किया जाना चाहिए।यात्रियों के मुताबिक बस अड्डे की समस्याओं का स्थायी समाधान होने से रोजाना सफर करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। उनका कहना है कि शहर में दूसरी जगहों पर सुविधाओं में सुधार हो रहा है तो रोडवेज बस अड्डे को भी बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जाना चाहिए। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि परिसर में जहां गड्ढे हैं, वहां मिट्टी डलवाकर उन्हें समतल कराया जाएगा। सफाई व्यवस्था को भी बेहतर कराया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरी कार्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Also Read  धौलाना-गुलावठी मार्ग का निर्माणाधीन सड़क किनारा धंसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसी, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा