राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

धौलाना-गुलावठी मार्ग का निर्माणाधीन सड़क किनारा धंसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसी, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
धौलाना। जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील में इस सप्ताह हुई बारिश ने निर्माणाधीन धौलाना-गुलावठी मार्ग की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला सहकारी बैंक के पास बारिश के बाद सड़क का किनारा अचानक धंस गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया करीब दो फीट तक जमीन में समा गया और वाहन फंस गया। चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और ट्रैक्टर को नियंत्रित कर लिया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने और बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सड़क किनारा धंसने की घटना ने निर्माणाधीन मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के बाद मार्ग पर कई जगह मिट्टी बैठ रही है और सड़क के किनारे कमजोर होकर धंस रहे हैं। इसके बावजूद निर्माणाधीन हिस्सों पर वाहन चालकों को खतरे से आगाह करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धौलाना-गुलावठी मार्ग पर दिनभर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में यदि सड़क किनारे धंसने की स्थिति बनी रही तो किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के जमीन में धंसने की घटना ने खतरे की गंभीरता को साफ कर दिया है।
मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सड़क किनारे जेसीबी से खुदाई के साथ रोड़ी-पत्थर डालने का काम चल रहा है। बारिश के बाद मिट्टी बैठने से कई स्थानों पर सड़क के किनारे कमजोर होने की बात सामने आई है।
PWD के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि धौलाना-गुलावठी मार्ग पर निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। बारिश के कारण मिट्टी बैठने से सड़क किनारा धंसने की स्थिति बनी है। जहां सड़क धंसी है, वहां पत्थर और बजरी डालकर उसे मजबूत कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि बारिश के बाद मार्ग के कमजोर हुए सभी स्थानों की तत्काल जांच कराकर मरम्मत कराई जाए। साथ ही निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा संकेत लगाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले खतरे को टाला जा सके।

Also Read  हापुड़ में धौलाना UPSIDC की बारिश ने खोली जलनिकासी व्यवस्था की पोल, सड़कों पर भरा पानी