राष्ट्र संवाद टाइम्स :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

हापुड़ में कुचेसर रोड चौपला की प्लाईवुड कंपनी में CGST का छापा, विभाग ने साधी चुप्पी
हापुड़। कुचेसर रोड चौपला स्थित एक प्लाईवुड कंपनी में शनिवार दोपहर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) नोएडा की टीम ने छापेमारी की। टीम के कंपनी परिसर में पहुंचते ही कर्मचारियों में हलचल मच गई। अधिकारियों ने कंपनी के स्टॉक, खरीद-फरोख्त, लेनदेन और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। कार्रवाई देर रात तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर CGST नोएडा की टीम कंपनी परिसर में पहुंची और कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया। अधिकारियों ने स्टॉक का मिलान किया तथा खरीद-बिक्री से जुड़े कागजात की जांच की। इसके साथ ही कंपनी के पैसों के लेनदेन और कारोबार से जुड़े अन्य दस्तावेज भी देखे गए।
कार्रवाई के दौरान कंपनी के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। टीम की गतिविधियों को लेकर आसपास के लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, अधिकारियों ने कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा और मीडिया को भी इससे दूर रखा गया। देर रात तक CGST टीम कंपनी के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी रही।
सबसे अहम बात यह रही कि विभाग की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि आखिर यह कार्रवाई किस शिकायत, टैक्स से जुड़ी गड़बड़ी, जांच या किसी अन्य वजह से की गई है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और इसके परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल CGST टीम कंपनी के स्टॉक और दस्तावेजों की जांच में लगी हुई है। विभाग से आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा कि जांच में क्या सामने आया और मामले में आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read  जनपद हापुड़ में दूध-पनीर से मिठाई तक जांच, खाद्य विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप