राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ : ajay verma
मिथ्याछाप मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, सोनपपड़ी निर्माण इकाई में भी मिलीं कमियां
पिलखुवा। खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से खिलवाड़ के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पिलखुवा में बड़ी कार्रवाई की। गुरुवार को विभाग की टीम ने नन्द किशोर एण्ड ब्रादर्स की सोनपपड़ी निर्माण इकाई पर औचक छापा मारकर खाद्य पदार्थों की जांच की। कार्रवाई के दौरान बत्तीसा के दो नमूने और बीकानेरी भुजिया का एक नमूना संग्रहित किया गया।
जांच के दौरान करीब 110.5 किलोग्राम बत्तीसा मिथ्याछाप पाए जाने के दृष्टिगत सीज कर दिया गया। सीज किए गए बत्तीसा की अनुमानित कीमत करीब 10,497.50 रुपये बताई गई है। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
टीम ने मौके से लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, निर्माणशाला में निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद हापुड़ के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जांच में दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चन्द्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल द्वारा की गई। टीम में आर.पी. गुप्ता, विपिन कुमार सिंह, आर.पी. गंगवार और सोवेन्द्र सिंह पंघाल खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी करने वालों पर विभाग की निगाह बनी हुई है। अब लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
