राष्ट्र संवाद टाइम्स : ajay verma :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

जनपद हापुड़ में दूध-पनीर से मिठाई तक जांच, खाद्य विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

हापुड़। जनपद हापुड़ में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य विभाग ने महज दो दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दूध, पनीर और मिठाई कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन पनीर निर्माण इकाइयों का पंजीकरण अग्रिम आदेशों तक निलंबित कर दिया। वहीं एक मिठाई प्रतिष्ठान को बंद कराने के साथ करीब 50 किलो दूषित मिठाइयां नष्ट कराई गईं।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चन्द्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने 8 और 10 सितंबर को गढ़मुक्तेश्वर, पिलखुवा और हापुड़ क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम में विपिन कुमार सिंह, आरपी गंगवार, सहरिश सादात और मोहित कुमार खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए।

गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में तीन पनीर निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई करते हुए ग्राम राजपुर निवासी शकील अहमद तथा ग्राम टोडरपुर निवासी जहीर और जमीर की पनीर निर्माण इकाइयों का पंजीकरण अग्रिम आदेशों तक निलंबित कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तीनों इकाइयों में पनीर निर्माण का कार्य भी तत्काल बंद करा दिया। कार्रवाई के बाद संबंधित कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

Also Read  धौलाना में अवैध स्कूल पर कार्रवाई मान्यता नहीं फिर भी चल रहा था स्कूल

खाद्य विभाग की टीम ने अन्य स्थानों पर भी औचक छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। 8 सितंबर को ग्राम हिम्मतपुर, गढ़मुक्तेश्वर स्थित चन्द्रभान की पनीर निर्माण इकाई से पनीर का एक नमूना लिया गया। वहीं बस स्टैंड पिलखुवा स्थित विजय पाल डेयरी एंड स्वीट्स से मिश्रित दूध का एक नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

10 सितंबर को शिकायत के आधार पर न्यू सूरी स्वीट्स पर छापा मारा गया। यहां से मिल्क केक और कलाकंद के एक-एक विधिक नमूने तथा एक-एक सर्विलांस नमूना लिया गया। साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर प्रतिष्ठान संचालक को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए और प्रतिष्ठान को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया गया। मौके पर करीब 17,400 रुपये कीमत की 50 किलो दूषित मिठाइयां नष्ट कराई गईं।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से संबंधित खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। टीम ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से दूध, पनीर और मिठाई जैसे रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विभाग की निगरानी लगातार बनी रहेगी और जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read  बिजली चोरी की चेकिंग करने पहुंची टीम से दबंगई गाली-गलौज के बाद मारपीट पर उतरा आरोपी

खाद्य विभाग के अनुसार सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि मिलावट के खिलाफ यह अभियान जनपद में आगे भी लगातार जारी रहेगा।