राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ :

📢 Join Our WhatsApp Group

ताज़ा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

Join Now

पैसों के हिसाब-किताब को लेकर होटल संचालकों में विवाद जमकर हुई मारपीट

हापुड़ /जनपद हापुड़ कि बुलंदशहर रोड स्थित नाहरी दरबार होटल में पैसों के लेन-देन और कारोबार में हुए घाटे को लेकर पार्टनरों के बीच चल रहा विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद एक पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग होटल के अंदर पहुंच गए और होटल संचालक को घेरकर उसके साथ मारपीट कर दी। अचानक हुए हंगामे से होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि होटल के पार्टनरों के बीच काफी समय से पैसों के हिसाब-किताब और कारोबार में हुए नुकसान को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने के लिए होटल में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान मामले को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग होटल के अंदर पहुंचे और संचालक को घेर लिया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान होटल में मौजूद लोगों में भी खलबली मच गई। मारपीट की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटना की वास्तविक स्थिति जानने के लिए होटल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए मारपीट में शामिल लोगों की पहचान और घटना के दौरान हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।
कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read  दहेज के लिए विवाहिता को भूखा-प्यासा रखकर प्रताड़ित करने का आरोप पति सहित चार पर मुकदमा