राष्ट्र संवाद टाइम्स हापुड़ : ajay verma
हापुड़ । जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गोहरा आलमगीरपुर में कथित धर्मांतरण की सूचना ने माहौल गरमा दिया। एक मकान में बाहरी व्यक्ति के आने-जाने और परिवार के लोगों को बाइबिल पढ़ाए जाने के आरोपों के बाद ग्रामीणों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों ने मकान को घेर लिया। मौके पर जमकर विरोध और हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और केरल निवासी एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।गांव निवासी राजू शर्मा ने आरोप लगाया कि उसके भाई अनिल शर्मा उर्फ अज्जू के घर पर पिछले करीब छह महीने से केरल निवासी एक व्यक्ति लगातार आ-जा रहा था। आरोप है कि वह कई बार लंबे समय तक घर पर ठहरता था और परिवार के सदस्यों को एकत्र कर बाइबिल पढ़ाता था। राजू शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा था।मामले की जानकारी मिलते ही आरएसएस के खंड कार्यवाहक डॉ. पुष्पेंद्र, सह खंड कार्यवाहक प्रदीप और विद्यार्थी प्रमुख मोक्षार्थ मावी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। कथित धर्मांतरण की सूचना को लेकर लोगों में आक्रोश दिखाई दिया। ग्रामीणों और संघ पदाधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया।हंगामे और संवेदनशील स्थिति की सूचना पर बाबूगढ़ पुलिस भी तत्काल सक्रिय हुई। SHO अरविंद चौधरी एवं मुदाफरा चौकी प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके से केरल निवासी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि कथित धर्मांतरण की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
